8 मार्च को आयोजित होगा राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलहयोग्य मामलों का होगा निपटारा
- Post By Admin on Feb 04 2025

दरभंगा : आगामी 08 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस संदर्भ में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी ने आज प्रखंड पंचायती राज अधिकारियों के साथ बैठक की और इस कार्यक्रम के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष बिनोद कुमार तिवारी ने बताया कि इस वर्ष में चार राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 08 मार्च को होने वाला आयोजन 2025 का पहला राष्ट्रीय लोक अदालत होगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्राम कचहरियों में लंबित सुलह समझौता योग्य मामलों का निपटारा किया जाएगा।
पक्षकारों को नोटिस जारी करने के निर्देश
बिनोद कुमार तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रखंडों में ग्राम कचहरियों में सुलहयोग्य मामलों का चयन करें और संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी करना शुरू करें। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम कचहरियों के स्तर पर राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार करने के लिए भी कहा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।
मामलों की सूची उपलब्ध कराए जाने की अपील
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव रंजन देव ने भी अधिकारियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादन के लिए चयनित मामलों की सूची आगामी बैठक से पहले उपलब्ध कराएं, ताकि प्रखंड स्तर पर चयनित ग्राम कचहरी मामलों की समीक्षा की जा सके।