श्रमिक शिविर में 1500 से अधिक श्रमिकों का हुआ निबंधन

  • Post By Admin on Dec 31 2024
श्रमिक शिविर में 1500 से अधिक श्रमिकों का हुआ निबंधन

दरभंगा : जिले के सदर प्रखंड के करकौली में एक विशेष श्रमिक शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 1500 से अधिक श्रमिकों का निबंधन किया गया। इस शिविर में विधायक संजय सरावगी, प्रखंड प्रमुख, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, श्रम अधिकारी और अन्य व्यक्ति उपस्थित थे। शिविर में विधायक संजय सरावगी ने श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे विवाह अनुदान योजना, साईकिल क्रय योजना, मृत्यु लाभ योजना, मातृत्व योजना, पितृत्व योजना और अन्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके अलावा उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपना निबंधन करवाएं और इन योजनाओं का लाभ उठाएं।

विधायक ने कहा कि बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं से श्रमिकों को सीधे लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों और श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने विभिन्न शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस शिविर में राकेश रंजन, उप श्रमायुक्त, दरभंगा प्रमंडल ने श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि अब प्रत्येक प्रखंड और पंचायतों में कैम्प आयोजित किए जाएंगे ताकि श्रमिकों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके। शिविर में श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे बिहार शताब्दी असंगठित कामगार योजना, दुर्घटना अनुदान योजना, पेंशन योजनाओं, शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता, साईकिल क्रय योजना और भवन मरम्मति अनुदान योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में श्रमिकों को स्वीकृत आदेशों की प्रतियां भी वितरित की गई और निबंधन प्रक्रिया में लगभग 1500 श्रमिकों ने आवेदन किया। जिनमें मनरेगा श्रमिक भी शामिल थे।