राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए प्रखंड पंचायत अधिकारियों के साथ बैठक
- Post By Admin on Dec 07 2024

दरभंगा : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया, ताकि ग्राम कचहरियों में लंबित सुलहयोग्य मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को गति दी जा सके।
विनोद कुमार तिवारी ने ग्राम कचहरियों द्वारा लोक अदालत के लिए चयनित अद्यतन वादों की सूची का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से विवादों का त्वरित निपटारा किया जा सकता है। जिससे पक्षकारों को समय और धन की बचत होती है।
इसके साथ ही सुलह समझौते के द्वारा विवादों का समाधान होने से आपसी भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। जिला विधिक सेवा प्राधीकरण के सचिव रंजन देव ने बैठक में कहा कि ग्रामीण स्तर पर लोगों को लोक अदालत में अपने वादों का निपटारा कराने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है।
इसके लिए पंचायत स्तर पर ग्राम कचहरी के सहयोग से लोक अदालत के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। ज्ञात हो कि आगामी 14 दिसंबर, शनिवार को दरभंगा, बेनीपुर और बिरौल न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें ग्राम कचहरियों द्वारा चयनित मामलों का निपटारा किया जाएगा।