प्रगति यात्रा के दौरान लखीसराय को मिला 450 करोड़ का सौगात
- Post By Admin on Feb 06 2025
.jpg)
लखीसराय : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के तहत जिले का ऐतिहासिक दौरा किया। जहां उन्होंने जिले को करीब 450 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जो जिले के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
ऐतिहासिक दौरे के दौरान की गई योजनाओं की शुरुआत
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने दौरे की शुरुआत सदर प्रखंड के बालगुदर गांव से की। जहां उन्होंने एक म्यूजियम का उद्घाटन किया। यह म्यूजियम जिले की ऐतिहासिक धरोहर को संजोकर रखने में मदद करेगा। इसके बाद, मुख्यमंत्री ने शिवगंगा तालाब का शिलान्यास किया, जो जल संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक होगा। उन्होंने पंचायत सरकार भवन का भी निरीक्षण किया और ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने खेल मैदान और जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत बने तालाब का उद्घाटन किया।
किऊल नदी पर पुल का शिलान्यास
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लखीसराय के नागरिकों को एक बड़ी सौगात देते हुए 49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले किऊल नदी पर पुल का शिलान्यास किया। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र में परिवहन की सुविधाएं बेहतर होंगी, जिससे आवागमन और यात्रा में सुगमता आएगी। मुख्यमंत्री ने इस पुल के महत्व को बताते हुए कहा कि यह पुल लखीसराय के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
अधिकारियों से की समीक्षा बैठक
बालगुदर गांव के दौरे के बाद मुख्यमंत्री समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली और अधिकारियों को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर योजना समय पर पूरी हो और जनता को अधिक से अधिक लाभ मिले।
मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर प्रतिक्रिया
लखीसराय विधायक और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक दौरे को लखीसराय के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा लखीसराय के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी। साथ ही, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित योजनाओं को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया था। पूरे कार्यक्रम स्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे और विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। मुख्यमंत्री की इस यात्रा ने लखीसराय में विकास के नए रास्ते खोलने की उम्मीदें जगाई हैं और यह यात्रा जिले के लिए एक महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।