बुद्ध पूर्णिमा पर लाली पहाड़ी पर ऐतिहासिक पूजा-अर्चना का आयोजन

  • Post By Admin on May 12 2025
बुद्ध पूर्णिमा पर लाली पहाड़ी पर ऐतिहासिक पूजा-अर्चना का आयोजन

लखीसराय : बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर लखीसराय के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल लाली पहाड़ी पर एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी लखीसराय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालु, बौद्ध अनुयायी, शोधकर्ता और सांस्कृतिक प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से ऐतिहासिक था, क्योंकि लगभग 1200 वर्षों के बाद इस पवित्र स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। लाली पहाड़ी, जिसे गुरु पद्मसंभव की तपोभूमि और जंगडोक पलरी से जोड़ा जाता है, आज फिर से अपने प्राचीन गौरव को प्राप्त कर रही है।

पूजा विधि के दौरान प्राचीन मंत्रोच्चार, ध्यान, दीप प्रज्ज्वलन और गुरु पद्मसंभव तथा भगवान बुद्ध की स्तुति की गई। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल इस पवित्र स्थल को सम्मानित करना था, बल्कि नई पीढ़ी को इसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से परिचित कराना भी था।

यह आयोजन भारत की विलुप्तप्राय आध्यात्मिक परंपराओं के पुनर्जीवन का प्रतीक है और लखीसराय जैसे स्थानों को वैश्विक बौद्ध मानचित्र पर पुनः स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। आने वाले समय में लाली पहाड़ी को एक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है।

इस आयोजन में अपर समाहर्ता श्री सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, प्रभारी पदाधिकारी पर्यटन श्री शशि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, बीजेपी अध्यक्ष श्री दीपक कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।