कोशी स्नातक चुनाव: लखीसराय DM और SP ने परखीं बूथों की व्यवस्था, पुख्ता सुरक्षा के निर्देश

  • Post By Admin on Oct 08 2026
कोशी स्नातक चुनाव: लखीसराय DM और SP ने परखीं बूथों की व्यवस्था, पुख्ता सुरक्षा के निर्देश

लखीसराय : कोशी स्नातक निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने बड़हिया प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के साथ पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार एवं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप की जा रही तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय तथा सुगम प्रवेश व निकास मार्गों जैसी मूलभूत भौतिक सुविधाओं का बिंदुवार जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्नातक निर्वाचन के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध निर्धारित समय-सीमा के भीतर मानक के अनुसार पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर ऐसा वातावरण तैयार किया जाए जिससे मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित परिवेश में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रखंड प्रशासन एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।