इंंटक द्वारा निर्माण कामगारों का जागरूकता सह निबंधन शिविर का आयोजन
- Post By Admin on Jan 16 2023
 
                    
                    सहरसा: राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस कार्यालय परिसर में सोमवार को निर्माण कामगारों का जागरूकता सह निबंधन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित कर श्रम अधीक्षक उज्जवल पटेल ने कहा की सरकार निर्माण कामगारों के कल्याण हेतु विभिन्न तरह की कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। कामगार मुस्तैदी से योजनाओं का लाभ लें।किसी प्रकार की दिक्कत हो रही है तो श्रम अधीक्षक कार्यालय या श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी से संपर्क करें।
कार्यक्रम को संबोधित कर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कहरा परितोष कुमार सिंह ने कहा की वंचित निर्माण कामगारों के निबंधन हेतु सरकार का दिशा निर्देश है। शिविर लगा कर कामगारों का निबंधन एवं जागरूकता कार्यक्रम किया जाए। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी प्रियंका सुमन ने कहा कि महिला निर्माण कामगारों के बीच योजनाएं बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है।गर्भवती निर्माण कामगारों के प्रथम एवं द्वितीय प्रसव पर 25, 25 हजार मातृत्व लाभ और 50, 50 हजार दो पुत्रियों के विवाह सहायता अंतर्गत अनुदान दिया जाता है जो महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है ।
कार्यक्रम को संबोधित कर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंंटक सह कंस्ट्रक्शन लेबर यूनियन जिलाध्यक्ष सत्यनारायण चौपाल ने बीओसीडब्ल्यू अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं की जानकारी देकर कहा की जिन निर्माण मजदूरों का ऑफलाइन निबंधन हुआ था। जिनको परिचय पत्र के रूप में किताब मिला हुआ है उनके लिए सरकार द्वारा 1 महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है कि वह श्रमिक अपने निबंधन किताब का ऑनलाइन करवा लें। इस अतिरिक्त समय का फायदा मजदूरों को लेना चाहिए। साथ ही श्रम संसाधन विभाग द्वारा इस जानकारी को मजदूरों के बीच प्रचारित-प्रसारित करना चाहिए। साथ ही असंगठित क्षेत्र में कार्यरत ऐसे तमाम मजदूर जिनका निबंधन नहीं हुआ है उनके एवं आश्रितों के लिए भी सरकार द्वारा बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना 2011 चलाई जा रही है। मजदूरों को इस योजना का भी लाभ लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में मजदूरों का बीओसीडब्ल्यू में रजिस्ट्रेशन कर परिचय पत्र वितरित किया गया।