प्रशासन गाँव की ओर अभियान के संचालन हेतु अधिकारियों को दिए गए निर्देश

  • Post By Admin on Dec 20 2024
प्रशासन गाँव की ओर अभियान के संचालन हेतु अधिकारियों को दिए गए निर्देश

दरभंगा : जिला प्रशासन ने “प्रशासन गाँव की ओर अभियान” को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए 18 प्रखंडों के वरीय अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह अभियान 19 से 24 दिसम्बर तक चलाया जाएगा। जिसका मुख्य उद्देश्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

जिला अधिकारी राजीव रौशन के आदेशानुसार विभिन्न प्रखंडों के अधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। इनमें से कुछ प्रमुख अधिकारियों में जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी और कई अन्य विभागीय अधिकारी शामिल हैं। जिन्हें विभिन्न प्रखंडों में अभियान के संचालन के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है।

अभियान के तहत लोक सेवा अधिकार अधिनियम, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल, मुख्यमंत्री जनता दरबार और अन्य कानूनी तंत्रों के तहत प्राप्त शिकायतों का निष्पादन किया जाएगा। साथ ही सभी प्रमुख योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे। जिनमें मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जीविका, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आदि योजनाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा हर प्रखंड में जन प्रतिक्रिया काउंटर भी स्थापित किया जाएगा ताकि लोग अपने सुझाव और समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकें। इस अभियान के दौरान प्राप्त परिवादों का तुरंत समाधान करने के लिए विभिन्न तकनीकी संसाधन जैसे लैपटॉप, प्रिंटर और इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था की जाएगी।

अभियान में सभी प्रखंड स्तर के अधिकारी, पंचायत सचिव, राजस्व कर्मचारी, रोजगार सेवक, ग्राम कचहरी सचिव और अन्य संबंधित कर्मी भाग लेंगे। वे अपने कार्यों का निर्वाह करते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं से लाभार्थियों को अवगत कराएंगे और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे।

अभियान के सफलता के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने प्रखंडों में इस अभियान का प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।