तीसरे बच्चे पर 30 हजार और चौथे पर 40 हजार रुपए देगी सरकार, घटती आबादी को लेकर कदम

  • Post By Admin on May 16 2026
तीसरे बच्चे पर 30 हजार और चौथे पर 40 हजार रुपए देगी सरकार, घटती आबादी को लेकर कदम

आंध्र प्रदेश: राज्य में घटती जनसंख्या दर को लेकर चिंतित आंध्र प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा की है कि तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

श्रीकाकुलम जिले के नरसनपेटा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह घोषणा करते हुए कहा कि सरकार ने इस योजना को मंजूरी दे दी है और अगले एक महीने के भीतर इसकी विस्तृत गाइडलाइन जारी कर दी जाएगी। स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि समाज में तेजी से बदलती जीवनशैली और सोच के कारण कई दंपति अब केवल एक बच्चा रखना पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ परिवार दूसरे बच्चे के बारे में तभी सोचते हैं जब पहला बच्चा लड़का न हो, जिससे राज्य की जनसंख्या वृद्धि दर प्रभावित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए कुल प्रजनन दर यानी टोटल फर्टिलिटी रेट (TFR) का 2.1 होना जरूरी माना जाता है। यदि यह दर इससे नीचे चली जाती है तो भविष्य में बुजुर्ग आबादी बढ़ने लगती है और कामकाजी युवा आबादी कम हो जाती है, जिसका असर आर्थिक विकास पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश घटती जनसंख्या और बढ़ती बुजुर्ग आबादी की समस्या से जूझ रहे हैं। यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भारत के कुछ राज्यों में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

इससे पहले भी मुख्यमंत्री नायडू ने दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव रखा था। बाद में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने जानकारी दी कि सरकार तीसरे और उससे अधिक बच्चों वाले परिवारों को भी प्रोत्साहन देने का निर्णय ले चुकी है।