लखीसराय के लक्ष्मीपुर में जीविका भवन का उद्घाटन, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह रहे मौजूद
- Post By Admin on May 16 2026
लखीसराय: जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित लक्ष्मीपुर गांव में शुक्रवार को नवनिर्मित जीविका भवन का उद्घाटन भव्य समारोह के बीच किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया।
यह जीविका भवन सफल जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ के अंतर्गत सावन जीविका महिला ग्राम संगठन, लक्ष्मीपुर, कवादपुर पंचायत के अधीन संचालित होगा। भवन के निर्माण से जीविका दीदियों को बैठक आयोजित करने तथा दस्तावेजों एवं पुस्तिकाओं के रख-रखाव में काफी सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भवन निर्माण विभाग की मंत्री लेसी सिंह ने की।
इस अवसर पर सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने केंद्रीय मंत्री एवं अन्य अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जीविका भवन बनने से महिला समूहों की गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण महिलाओं के संगठनात्मक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सकेगा।