चार दिवसीय जिला खेल महोत्सव का समापन, पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

  • Post By Admin on Nov 19 2024
चार दिवसीय जिला खेल महोत्सव का समापन, पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

दरभंगा : जिले में आयोजित चार दिवसीय जिला खेल महोत्सव 2024 का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री विवेक कुमार सिंह, अध्यक्ष भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण बिहार तथा जिलाधिकारी दरभंगा श्री राजीव रौशन और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने पुरस्कार वितरण किया।

समारोह में जिले के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया जिसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री समर बहादुर सिंह और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार शामिल थे। जिलाधिकारी ने इस आयोजन को जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया और खिलाड़ियों को उत्साहित करने के लिए इस प्रकार के आयोजनों के नियमित होने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि श्री विवेक कुमार सिंह ने भी आयोजन के प्रति अपनी सराहना व्यक्त की और दरभंगा जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह तथा उनकी कार्यकारिणी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से खिलाड़ियों में अनुशासन, राष्ट्र प्रेम और उत्कृष्टता की भावना विकसित होती है। साइकिल रैली, शतरंज, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, कबड्डी, हैंडबॉल जैसे विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन जिला खेल संघ के संयुक्त सचिव नवीन कुमार सिंह और जिला सचिव रविंद्र कुमार सिंह ने किया। अंत में जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।