पूर्व विधायक रामबालक सिंह ने की अठारह साल छोटी लड़की से शादी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो और फोटो

  • Post By Admin on Nov 21 2024
पूर्व विधायक रामबालक सिंह ने की अठारह साल छोटी लड़की से शादी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो और फोटो

समस्तीपुर : जिले के विभूतिपुर से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। जिसमें जदयू के पूर्व विधायक रामबालक सिंह ने अपनी उम्र से अठारह साल छोटी लड़की से विवाह किया है। इस शादी का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। जिसके बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
 
पूर्व विधायक रामबालक सिंह ने बेगूसराय के गढ़पुरा स्थित हरीगिरी धाम मंदिर में अपनी नई नवेली पत्नी रवीना कुमारी से शादी रचाई। रवीना कुमारी, जो खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव की रहने वाली हैं, सीताराम सिंह की पुत्री बताई जा रही हैं। शादी के बाद दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गईं। जिससे यह मामला और भी चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के मुताबिक कुछ साल पहले रामबालक सिंह की पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने रवीना कुमारी से विवाह करने का निर्णय लिया। शादी के वीडियो और तस्वीरों में दोनों की जोड़ी को लेकर लोग अलग-अलग टिप्पणियां कर रहे हैं और इस संबंध में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

इस शादी को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चाओं में लगे हुए हैं। एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि पूर्व विधायक रामबालक सिंह अपनी नई पत्नी को आगामी विधानसभा चुनाव में विभूतिपुर से चुनावी मैदान में उतार सकते हैं। क्षेत्रीय राजनीति में उनकी सक्रियता और इस शादी के बाद राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है।