मुजफ्फरपुर : जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने जिले में चल रहे विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचलाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने म्यूटेशन परिमार्जन, पंचायत सरकार भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि आवंटन, नल जल योजना, सोलर लाइट की स्थापना, प्रखंडों के रोकड़ पंजी अद्यतन, चुनावों के लंबित विपत्रों का भुगतान और परिवाद पत्रों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी दिशानिर्देशों के तहत इन कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

विशेष रूप से म्यूटेशन परिमार्जन के कार्य की अंचलवार समीक्षा की गई। जिसमें पाया गया कि मुरौल, पारु, सकरा, मरवन, साहेबगंज जैसे अंचलों में उच्च उपलब्धि दर्ज की गई है। जबकि कांटी, मुसहरी, कुढ़नी और मीनापुर में प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। जिलाधिकारी ने इन अंचल अधिकारियों से स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया और पूछा कि उनके द्वारा क्या कारण हैं कि उन्होंने जिला स्तर की औसत उपलब्धि से कम प्रदर्शन किया है।

सुब्रत कुमार सेन ने पारु अंचल की टीम की सराहना की। जिनकी कार्यकुशलता ने स्टेट रैंकिंग में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने अन्य अंचल अधिकारियों को पारु अंचल से प्रेरणा लेने की सलाह दी। मनरेगा द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए भूमि आवंटन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान यह पाया गया कि 340 भूमि के लक्ष्य में से 261 भूमि प्राप्त कर ली गई है और 79 का एनओसी भी मिल चुका है। शेष भूमि के लिए भी जल्द एनओसी प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने नल जल और विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की समीक्षा की, खासकर आंगनबाड़ी केंद्रों में और गर्मी के मौसम के मद्देनजर पीएचईडी को पेयजल आपूर्ति के लिए सभी तैयारियां पहले से करने का आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने पंचायत स्तर पर खेल के प्रति रुचि पैदा करने के लिए खेलो इंडिया के तहत खेल क्लबों के गठन की दिशा में भी निर्देश दिए और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से जल्द रिपोर्ट देने को कहा।

इस बैठक में नगर आयुक्त विक्रम वीरकर, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, अपर समाहर्ता राजस्व संजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी श्रेया श्री, सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी जुड़े हुए थे।