जल जीवन हरियाली दिवस पर परिचर्चा, वैकल्पिक फसलों और जल संरक्षण पर जोर

  • Post By Admin on Apr 01 2025
जल जीवन हरियाली दिवस पर परिचर्चा, वैकल्पिक फसलों और जल संरक्षण पर जोर

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में मंगलवार को जल जीवन हरियाली दिवस का आयोजन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में किया गया। हर महीने के पहले मंगलवार को मनाए जाने वाले इस दिवस की जिम्मेदारी इस बार कृषि विभाग को सौंपी गई थी।

बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया और नोडल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार को परिचर्चा शुरू करने का निर्देश दिया। चर्चा का मुख्य विषय ‘वैकल्पिक फसलों, टपकन सिंचाई, जैविक खेती एवं अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग’ रहा। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में जैविक खेती और टपकन सिंचाई जैसी तकनीकों के जरिए जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है और किसानों को भी अधिक लाभ हो रहा है। जिला पदाधिकारी मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि जल, जीवन और हरियाली एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। जल के बिना हरियाली संभव नहीं और हरियाली के बिना जीवन अधूरा है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि भवन, मीठापुर से किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जल जीवन हरियाली के महत्व पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सिविल सर्जन बीपी सिन्हा, जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण निदेशक नीरज कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।