रंग षष्ठी नाट्य समारोह में धर्मवीर भारती की कालजयी रचना बंद गली का आखिरी मकान मंचित
- Post By Admin on Sep 17 2025

पटना: राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल द्वारा आयोजित रंग षष्ठी नाट्य समारोह के दूसरे दिन धर्मवीर भारती की प्रसिद्ध कहानी "बंद गली का आखिरी मकान" का मंचन किया गया। इस अवसर पर रंगमंडल प्रमुख राजेश सिंह ने दर्शकों एवं अतिथियों का अभिनंदन करते हुए बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल की हीरक जयंती (60वीं वर्षगांठ) के अवसर पर देशभर में आयोजित श्रृंखला का हिस्सा है। समारोह अगस्त 2024 से शुरू होकर वर्ष 2026 तक चलेगा।
नाटक का निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी देवेंद्र राज अंकुर ने किया, जबकि इसमें प्रमुख भूमिकाएं आलोक रंजन, राजेश सिंह, शिल्पा भारती, पूजा गुप्ता, सत्येन्द्र मल्लिक, अनंत शर्मा, शिव प्रसाद गोंड, मधुरिमा तरफदार और शिवानी भारतीय ने निभाई।
कहानी का सार
यह नाटक धर्मवीर भारती की सबसे चर्चित और लंबी कहानियों में से एक है, जिसे उपन्यासिका का दर्जा भी दिया गया है। कथानक में मुंशी जी और उनके इर्द-गिर्द के पारिवारिक व सामाजिक रिश्तों का चित्रण है। बीमार मुंशी जी के जीवन के माध्यम से बिरजा, हरदेई, राघोराम, हरिराम जैसे पात्रों के जरिए सामाजिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का मार्मिक चित्रण किया गया। कहानी का घटनास्थल गली के आखिरी सिरे पर बना कच्चा मकान है, जो पात्रों की नियति और जीवन की सीमाओं का प्रतीक बन जाता है।
नाटक के मंचन ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया और भरपूर सराहना पाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रंगकर्मी, साहित्यप्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।