संविधान दिवस पर दरभंगा डीएम ने दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ

  • Post By Admin on Nov 27 2024
संविधान दिवस पर दरभंगा डीएम ने दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ

दरभंगा : संविधान दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी दरभंगा राजीव रौशन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़ाई और इसके आदर्शों को अपनाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर डीएम ने कहा कि 26 नवंबर का दिन हमें संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के आदर्शों की याद दिलाता है।

उन्होंने बताया कि भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा स्वीकृत किया गया और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। यह संविधान न केवल नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शन करता है बल्कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (राजस्व) नीरज कुमार दास, अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राकेश कुमार रंजन, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी आशुतोष कुमार, वरीय उप समाहर्ता अमृता कुमारी, आईटी प्रबंधक पूजा चौधरी समेत समाहरणालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में संविधान सभा के ऐतिहासिक प्रयासों का जिक्र करते हुए डीएम ने बताया कि भारत के संविधान को तैयार करने में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा।

उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से संविधान में वर्णित अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के पालन का भी आह्वान किया। यह कार्यक्रम संविधान के प्रति निष्ठा और आदर्शों के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।