मुजफ्फरपुर : पूर्व मुख्यमंत्री जननायक भारतरत्न कर्पूरी ठाकुर की जन्म शताब्दी के अवसर पर शुक्रवार को समारोह का आयोजन किया गया। जिसका आयोजन मुजफ्फरपुर जनहित प्रतिष्ठान द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. भगवान लाल सहनी, मेयर निर्मला देवी साहु और कई अन्य समाजसेवियों ने कर्पूरी ठाकुर के महान व्यक्तित्व और उनके समाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि प्रो. भगवान लाल सहनी ने कर्पूरी ठाकुर को एक महान व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज में समानता और न्याय की स्थापना के लिए प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का जीवन यह दिखाता है कि महापुरुष जाति और धर्म से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि बौद्धिक और मानसिक दृष्टि से पराधीनता से मुक्ति पाना होना चाहिए।

मेयर निर्मला देवी साहु ने कर्पूरी ठाकुर को गरीबों का मसीहा करार देते हुए कहा कि उन्होंने सदैव शोषित और वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनकी सोच और कार्यों को आज की युवा पीढ़ी को समझने और अपनाने की आवश्यकता है।

प्राचार्य प्रो. ब्रह्मचारी व्यास नन्दन शास्त्री ने कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों का पालन करने का आह्वान करते हुए कहा कि जब हम उनके जीवन को अपनी दिनचर्या में उतारेंगे, तो समाज में समरसता आएगी और देश आगे बढ़ेगा।

विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी ने कर्पूरी ठाकुर द्वारा अंग्रेजी की अनिवार्यता को खत्म करने के निर्णय को ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि कर्पूरी ठाकुर की जीवनी को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत पर भी जोर दिया। जहां शिक्षा को केवल जानकारी का संग्रहण नहीं बल्कि मानवता की भावना से जोड़ा जाए।

समारोह में समाजसेवी राजेन्द्र पटेल, आनन्द पटेल, शिवशंकर प्रसाद साहू, नारायण प्रसाद, डॉ. ललन तिवारी जैसे गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. शारदा नन्द सहनी ने किया। जबकि डॉ. अरुण कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।