माधोपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र में बदहाल व्यवस्था, स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति से मरीज परेशान
- Post By Admin on May 16 2026
दरभंगा: हनुमाननगर प्रखंड के गोदाईपट्टी पंचायत स्थित माधोपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्र पर निर्धारित समय में न तो एएनएम मौजूद रहती हैं और न ही अन्य स्वास्थ्यकर्मी, जिसके कारण इलाज के लिए आने वाले मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई मरीज दवा लेने और प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंचते हैं, लेकिन वहां स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार बिना इलाज कराए ही मरीजों को वापस लौटना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जब स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेने के लिए एएनएम मीरा कुमारी को फोन किया जाता है तो पहले गलत नंबर बताकर कॉल काट दिया जाता है। वहीं दोबारा संपर्क करने पर सही जानकारी देने के बजाय अभद्र व्यवहार किए जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र पर नियमित रूप से स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सका है।