दरभंगा में महिला हिंसा उन्मूलन और सशक्तिकरण पर जागरूकता अभियान आयोजित

  • Post By Admin on Dec 05 2024
दरभंगा में महिला हिंसा उन्मूलन और सशक्तिकरण पर जागरूकता अभियान आयोजित

दरभंगा : जिला में महिला हिंसा उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण को लेकर एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम +2 थलवारा हाई स्कूल में आयोजित हुआ। जिसमें महिलाओं के अधिकारों, संरक्षण उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। 

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, जेंडर भेदभाव न करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन नं0-181, 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नं0-1098 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की प्रमुख वक्ता जिला परियोजना प्रबंधक जयवंती सिन्हा ने महिलाओं के लिए कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यौन उत्पीड़न अधिनियम (पॉश एक्ट), 2013 की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए घरेलू हिंसा अधिनियम, 2005 के प्रावधानों पर भी चर्चा की।

जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने और समाज में समानता लाने के लिए यह जागरूकता अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत बाल विवाह रोकने के उपायों और इसके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर और 181 हेल्पलाइन महिलाओं के लिए त्वरित सहायता और सुरक्षा सेवाएं प्रदान करती हैं। उन्होंने महिलाओं से किसी भी सहायता या शिकायत के लिए जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन कार्यालय, दरभंगा से संपर्क करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित स्कूल की छात्राओं ने इस जागरूकता अभियान की सराहना की और कहा कि इससे जन-जन में महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता फैल रही है। कार्यक्रम में महिला थाना की थाना प्रभारी आरती कुमारी, एसआई मघुबाला, महिला विशेष कोषांग की सामाजिक कार्यकर्ता रंजु कुमारी, स्कूल के प्रधानाध्यापक हरे कृष्णा और अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थे। इस कार्यक्रम में सभी छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और इसे सफल बनाने में अपना योगदान दिया।