बाल अधिकार संरक्षण सप्ताह एवं विश्व बाल दिवस पर जागरूकता अभियान
- Post By Admin on Nov 21 2024

सीतामढ़ी : बाल अधिकार संरक्षण सप्ताह और विश्व बाल दिवस के मौके पर जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें बच्चों के अधिकारों, उनके सुरक्षा, शिक्षा और विकास के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अभियान का आयोजन अनुमंडल पदाधिकारी, बेलसंड, ललित राही के नेतृत्व में प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय बलहा मूसहरी, परसौनी में किया गया।
इस मौके पर एसडीएम ललित राही ने कहा, “प्रत्येक बच्चे का जीवन एवं विकास उसका जन्मजात अधिकार है। जिसमें बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा का अधिकार शामिल है।” उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों का सम्पूर्ण विकास उनके व्यक्तित्व, योग्यता, शारीरिक और मानसिक क्षमताओं के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों को सामाजिक सुरक्षा और हर तरह के अधिकारों का पूरी तरह से लाभ मिलना चाहिए। बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निदेश के अनुसार इस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, यूनिसेफ और प्रथम संस्था द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर कई किशोरियों ने बाल श्रम मुक्त सीतामढ़ी और बाल विवाह मुक्त समाज का संदेश देने के लिए पेंटिंग की। किशोरियां निशु कुमारी, रंजना शर्मा, शबाना खातून, नेहा, प्रिया, बबीता, मुस्कान, मेधा और अन्य ने इस अभियान में भाग लिया और अपने कला के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने की कोशिश की। प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार ने बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण, बाल तस्करी, गुड टच और बैड टच, लिंग भेद-भाव जैसे मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों और किशोरियों को इन समस्याओं के खिलाफ जागरूक करने की कोशिश की।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र कुमार, मृदुला कुमारी, अवनीश कुमार, राजीव कुमार, रंजना कुमारी, शिप्रा, प्रियंका कुमारी, सत्यम शिवेन्द्र, मीनाक्षी कुमारी और अन्य उपस्थित थे। यह जागरूकता अभियान बालकों के अधिकारों को सुरक्षित करने और समाज में बच्चों के लिए एक सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।