कनीराम खेतान आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा हेतु की गई अपील

  • Post By Admin on Feb 20 2025
कनीराम खेतान आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा हेतु की गई अपील

लखीसराय : कनीराम खेतान आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय के वर्तमान सदस्य जुगल किशोर खेतान ने बिहार सरकार के शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि विद्यालय की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और अवैध अतिक्रमण को रोका जाए। जुगल किशोर खेतान ने अपने पत्र में विद्यालय के इतिहास, उसकी सुरक्षा समस्याओं और इसके भविष्य के बारे में विस्तार से बताया।

कनीराम खेतान आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थापना 1938-39 में जगन्नाथ प्रसाद खेतान द्वारा की गई थी, जो स्व. कनीराम खेतान की पुण्य स्मृति में थी। इस विद्यालय के लिए दो भूखंड रेलवे से खरीदे गए थे और एक भूखंड जिला परिषद मुंगेर से लीज पर लिया गया था। यह विद्यालय 1950 के संविधान लागू होने से पहले स्थापित हुआ था और अब तक इसके संपत्ति पर कुछ अतिक्रमण हो चुके हैं।

जुगल किशोर खेतान ने पत्र में उल्लेख किया कि विद्यालय के खेल मैदान पर कई अवैध निर्माण किए गए हैं। इन निर्माणों में नगर परिषद द्वारा प्रशासनिक भवन का निर्माण भी शामिल है। विद्यालय के पदेन अध्यक्ष (पूर्व विधायक) द्वारा भी विद्यालय की संपत्ति पर नियमों के विपरीत निर्माण कराया गया था, जिसके बाद उसका प्रभार नगर परिषद को दे दिया गया था।

खेतान ने यह भी कहा कि शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि वह विद्यालय की संपत्तियों की सुरक्षा करे और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या अवैध निर्माण को रोके। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विद्यालय की भूमि और भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और यदि इनका प्रयोग छात्रों के लिए नहीं किया जा रहा है, तो उन्हें वापस किया जाए।

कनीराम खेतान आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय का सरकारीकरण 2 अक्टूबर 1980 को हुआ था और तब से यह बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के अधीन है। खेतान ने इस पत्र में यह भी अपील की कि यदि स्कूल के लिए यह भूमि और भवन आवश्यक नहीं है, तो इसे वापस करने की कृपा की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में सरकार द्वारा इस संपत्ति की सुरक्षा पर ध्यान न दिए जाने से विद्यालय के विकास और छात्रों की पढ़ाई में रुकावटें आ सकती हैं।