दरभंगा जिला स्थापना दिवस समारोह को लेकर हुई बैठक आयोजित

  • Post By Admin on Dec 19 2024
दरभंगा जिला स्थापना दिवस समारोह को लेकर हुई बैठक आयोजित

दरभंगा : दरभंगा जिला के स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर अपर समाहर्ता राजस्व नीरज कुमार दास की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्थापना दिवस समारोह को लेकर कई अहम पहलुओं पर चर्चा की गई। यह समारोह आगामी 31 दिसंबर 2024 से 01 जनवरी 2025 तक मनाया जाएगा। बैठक में बताया गया कि इस अवसर पर विकास पुस्तिका या स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा। जिसमें दरभंगा जिला से संबंधित आलेखों का संग्रह किया जाएगा।

स्मारिका में प्रकाशित होने वाले आलेखों को सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी दोनों रूप में अपर समाहर्ता राजस्व कार्यालय में दो दिनों के अंदर जमा किया जा सकता है। जिले के इच्छुक नागरिक और लेखन में रुचि रखने वाले लोग इस अवसर पर अपने आलेख दे सकते हैं। इन आलेखों को अनुमोदन प्राप्त करने के बाद प्रिंट कर प्रकाशन के लिए तैयार किया जाएगा।

समारोह के पहले दिन 31 दिसंबर 2024 को प्रातः 8:00 बजे से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, हैंडबॉल, 1600 मीटर रेस, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और लॉन्ग जम्प जैसी प्रतियोगिताएं नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय दरभंगा में आयोजित की जाएंगी।

बैठक में उप निदेशक जन-संपर्क सत्येंद्र प्रसाद, जिला कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार, डीपीओ माध्यमिक शिक्षा नवीन कुमार ठाकुर, जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद थे।