मुख्यमंत्री खेल ज्ञानोत्सव कार्यक्रम : 16 मार्च तक होगा ऑनलाइन पंजीकरण

  • Post By Admin on Mar 08 2025
मुख्यमंत्री खेल ज्ञानोत्सव कार्यक्रम : 16 मार्च तक होगा ऑनलाइन पंजीकरण

लखीसराय : राज्य भर में 15 मार्च से प्रारंभ हो रहे मुख्यमंत्री खेल ज्ञानोत्सव कार्यक्रम को लेकर बच्चों के मुफ्त ऑनलाइन पंजीकरण के कार्य में तेजी लाने की दिशा में जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम द्वारा निर्देश पत्र जारी किया गया है। इस पत्र में सभी डीपीओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और सरकारी/ गैर सरकारी विद्यालयों के प्रधानों को पंजीकरण कार्य में सहयोग करने का आदेश दिया गया है।

मुख्यमंत्री खेल ज्ञानोत्सव में कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को खेलों से संबंधित ज्ञान हासिल करने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम बीएसएसए द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों के बीच खेलों की जानकारी को बढ़ावा देना और प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करना है।

मुख्यमंत्री खेल ज्ञानोत्सव की प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी।

प्रथम चरण (जिला स्तरीय) : इसमें 15, 16, 22 और 23 मार्च को चार ऑनलाइन राउंड्स आयोजित किए जाएंगे।

दूसरे चरण (प्रमंडल स्तरीय) : इसके अंतर्गत बिहार के सभी 9 प्रमंडलों में एक दिवसीय लिखित और ऑन-स्टेज राउंड प्रतियोगिता होगी, जिसमें जिले की शीर्ष तीन टीमें भाग लेंगी। मुंगेर प्रमंडल में यह कार्यक्रम 6 अप्रैल 2025 को आयोजित होगा।

तीसरे चरण (राज्य स्तरीय) : यह अंतिम चरण पटना में होगा, जिसमें प्रमंडल स्तरीय शीर्ष तीन टीमें भाग लेंगी।

जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों के बच्चों का पंजीकरण 15 मार्च 2025 तक बीएसएसए की आधिकारिक वेबसाइट पर निःशुल्क किया जाए। समग्र शिक्षा डीपीओ कुमारी दीप्ति को पंजीकरण प्रक्रिया की निगरानी और सही तरीके से कार्य को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

कार्यक्रम के इस अवसर पर छात्रों को खेलों के प्रति जागरूक किया जाएगा और साथ ही प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।