राजद का राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 24 को, कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील
- Post By Admin on Apr 21 2025

पटना : राष्ट्रीय जनता दल के पंचायती राज प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आगामी 24 अप्रैल को पटना स्थित राजद प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित होगा। इस सम्मेलन के उद्घाटनकर्ता स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव होंगे, जबकि मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव रहेंगे।
राजद पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद विद्यार्थी और प्रदेश महासचिव शशि सिंह यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे लाखों की संख्या में सम्मिलित होकर सम्मेलन को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करें।
महेंद्र विद्यार्थी ने कहा कि यह सम्मेलन पार्टी के संगठनात्मक मजबूती और जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आह्वान किया कि पंचायत स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के कार्यकर्ता कर्पूरी सभागार को पूरी तरह भर दें और राजद की एकजुटता का परिचय दें।
सम्मेलन में पूर्व मंत्री जगदानंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, मंगनी लाल मंडल, राज्यसभा सांसद संजय यादव, लोकसभा सांसद मीसा भारती, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रधान महासचिव रणविजय साहू, प्रवक्ता मोहम्मद एजाज अहमद, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी मुकुंद सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
राजद नेताओं ने इसे संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन का अवसर बताते हुए सभी जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं से समय से पहुंचने की अपील की है।