रमेश बिधुड़ी ने महिलाओं का किया अपमान : अरविंद कुमार मुकुल
- Post By Admin on Jan 06 2025

मुजफ्फरपुर : कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली के कालका जी से भाजपा के उम्मीदवार पूर्व सांसद रमेश बिधुड़ी द्वारा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर दिए गए अपमानजनक बयान को भाजपा और आरएसएस की महिला विरोधी मानसिकता का प्रमाण करार दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने इस बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि रमेश बिधुड़ी ने जो अभद्र टिप्पणी की, वह भाजपा और आरएसएस के महिला विरोधी चरित्र को उजागर करती है।
अरविंद कुमार मुकुल ने कहा, “रमेश बिधुड़ी ने जो शब्दों का इस्तेमाल किया, वह न केवल प्रियंका गांधी बल्कि महिलाओं के खिलाफ एक गंभीर अपमान है। इस प्रकार का बयान देना यह दर्शाता है कि भाजपा नेताओं के पास राजनीति को लेकर कोई दिशा नहीं है और वे केवल नफरत और विवाद की राजनीति पर निर्भर रहते हैं। यह बयान भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषणों से प्रेरित लगता है। जिनमें वे अक्सर ‘दीदी ओ दीदी’, ‘मंगलसूत्र’, ‘मुजरा’ और ‘पचास करोड़ की गर्लफ्रेंड’ जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं।”
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आगे कहा, “रमेश बिधुड़ी को केवल माफी मांगने से काम नहीं चलेगा, बल्कि भाजपा को पूरी पार्टी के स्तर पर माफी मांगनी चाहिए। यह कोई सामान्य बात नहीं है, बल्कि यह एक गहरी सामाजिक और सांस्कृतिक संवेदनाओं का अपमान है।”
कांग्रेस जिलाप्रवक्ता समीर कुमार ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा और संघ का केवल एक उद्देश्य है – राम का नाम लेकर वोट लेना। उनके लिए मर्यादा और शिष्टाचार की कोई अहमियत नहीं है। यही वजह है कि वे अक्सर इस प्रकार के अमर्यादित बयान देते हैं। लेकिन अब देश की जनता इनकी असलियत समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में भाजपा को इसका जवाब मिलेगा। खासकर देश की महिलाएं इस अपमान का बदला जरूर लेंगी।”