इंसाफ मंच ने मकर संक्रांति पर किया तिल पर चर्चा का आयोजन
- Post By Admin on Jan 15 2025

मुजफ्फरपुर : इंसाफ मंच के जिलाध्यक्ष फहद ज़मा के मिठनपुरा न्यू कॉलोनी स्थित आवास पर तिल पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने दही-चूड़ा-तिलकुट के साथ राजनीति से जुड़ी विमर्शों पर गहरी चर्चा की। इस बैठक में खासकर राजनैतिक हिस्सेदारी और आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
फहद ज़मा ने इस अवसर पर कहा कि देश की विविधता ही इसकी खूबसूरती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे दही-चूड़ा-तिलकुट मिलकर एक स्वादिष्ट प्लेट बनाते हैं। वैसे ही हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन और बौद्ध समुदाय मिलकर इस देश को संजीवनी देते हैं। लेकिन, उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा नफरत की राजनीति की है, जो आज हमारे लोकतंत्र और संविधान के लिए एक खतरे के रूप में सामने आ रही है। इस खतरे से लड़ने के लिए एकजुट होने की आवश्यकता पर बल दिया।
आगे बढ़ते हुए फहद ज़मा ने बिहार में मुस्लिम आबादी की राजनैतिक हिस्सेदारी की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सच्चर कमेटी की सिफारिशों के अनुसार 17.63 प्रतिशत मुस्लिम आबादी सामाजिक और आर्थिक दृष्टिकोण से दलितों और पिछड़ों से भी पिछड़ी हुई है। ऐसे में, उन्हें उचित राजनैतिक भागीदारी मिलना बेहद जरूरी है, क्योंकि बिना इस भागीदारी के इस समुदाय की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में कोई सुधार संभव नहीं हो सकता।
चर्चा के दौरान यह तय हुआ कि इंसाफ मंच “संविधान बचाओ-राजनैतिक हिस्सेदारी महजुटान यात्रा” का आयोजन पूरे बिहार में करेगा, जो राजनैतिक हिस्सेदारी पर जोर देने के साथ-साथ पूरे राज्य में जागरूकता फैलाएगा। इस यात्रा का समापन 9 मार्च को गांधी मैदान में “दिन बचाओ-देश बचाओ” रैली से होगा। जिसमें लाखों मुस्लिमों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह रैली ऐतिहासिक साबित होगी और इसे बिहार की राजनीति में एक अहम मोड़ के रूप में देखा जाएगा।
तिल पर चर्चा में शामिल प्रमुख व्यक्तियों में इंसाफ मंच के सूरज कुमार सिंह, इंकलाबी नौजवान सभा के सफीकुर रहमान, इम्तियाज़ अहमद अर्शी, एहतेशाम रहमानी, शाहनवाज़ अहमद, इन. सैफी, अम्बर, मतलूबुर रहमान, मोहम्मद निसार, मोहम्मद खुर्शीद, एहतेशाम अनवर, मोहम्मद कलीम, मोहम्मद असरफ, मोहम्मद ज़ाकिर, मोहम्मद नौशाद सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।