भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मनाया 99वां स्थापना दिवस
- Post By Admin on Dec 27 2024

मुजफ्फरपुर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने बीते गुरुवार को मिथुनपुरा स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में 99वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ झंडोत्तोलन से हुआ। जिसे पूर्व विधायक और कामरेड जनक धारी प्रसाद कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रोफेसर भारती सिन्हा और संचालन जिला सचिव रामकिशोर झा ने किया।
इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में राज्य सचिव मंडल के सदस्य कामरेड रामबाबू कुमार उपस्थित हुए। जिन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के गठन के ऐतिहासिक संदर्भ पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) का गठन 26 दिसंबर 1925 को कानपुर में एक ऐतिहासिक सम्मेलन के दौरान हुआ था। इसका उद्देश्य समाजवादी विचारधारा पर आधारित संघर्षों को संगठित करना था। जिसमें मजदूरों, किसानों और स्वतंत्रता संग्राम के लिए विशेष ध्यान दिया गया।” राज्य सचिव मंडल के सदस्य कामरेड रामबाबू कुमार ने पार्टी के संघर्ष और क्रांतिकारियों की भूमिका को विस्तार से बताया। जिनमें सत्यभक्त और अन्य स्वतंत्रता सेनानी शामिल थे। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए हर कार्यकर्ता से संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सचिव रामकिशोर झा ने घोषणा की कि पार्टी अपनी शताब्दी समारोह हर आंचल और शाखा में बड़े पैमाने पर मनाएगी। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से सक्रियता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों को निभाने की अपील की। सहायक सचिव कामरेड चंदेश्वर प्रसाद चौधरी और कामरेड जगदीश गुप्ता ने भी अपने विचार रखे और पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्टी के इतिहास, संघर्ष और समाजवादी आंदोलन में इसके योगदान को याद करते हुए सभी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया गया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ सदस्य जैसे विश्वनाथ प्रसाद सिंह, रंजन महतो, शिवजी प्रसाद, महेश चौधरी, कंचन कुमार विद्रोही समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।