पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष की थार से हथियार गायब, मोबिल गिरने की बात कहकर किया गुमराह

  • Post By Admin on Oct 25 2026
पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष की थार से हथियार गायब, मोबिल गिरने की बात कहकर किया गुमराह

पटना : राजधानी पटना में बदमाशों ने धोखे से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में बुद्धा स्मृति पार्क के पास खड़ी थार गाड़ी से एक बैग चोरी कर लिया गया। बैग में लाइसेंसी पिस्टल, हथियार का लाइसेंस, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। घटना लखीसराय के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रविरंजन सिंह उर्फ टनटन सिंह के साथ हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविरंजन सिंह की थार गाड़ी संख्या बीआर 3जे 5703 बुद्धा स्मृति पार्क के पास खड़ी थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक गाड़ी के पास पहुंचे और चालक को बताया कि वाहन से मोबिल गिर रहा है। उनकी बात सुनकर चालक गाड़ी से नीचे उतरा और बोनट खोलकर जांच करने लगा। हालांकि, जांच के दौरान उसे कोई असामान्य स्थिति नहीं दिखी। इसी बीच बदमाशों ने चालक का ध्यान दूसरी ओर होने का फायदा उठाया और गाड़ी की पिछली सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गए। बताया गया है कि वारदात के समय रविरंजन सिंह किसी काम से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर जब उन्हें पिछली सीट पर बैग नहीं मिला, तो उन्होंने चालक से पूछताछ की। इसके बाद बैग चोरी होने की जानकारी सामने आई। बैग में लाइसेंसी पिस्टल के साथ हथियार का लाइसेंस, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज होने के कारण मामला गंभीर हो गया।

घटना के बाद रविरंजन सिंह ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही बदमाशों की पहचान और चोरी हुए बैग की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं होने से जांच में कठिनाई आ सकती है। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। चोरी हुए लाइसेंसी हथियार और दस्तावेजों की बरामदगी भी जांच का अहम हिस्सा है।