मोकामा में सियासी भूचाल: शीर्ष नेतृत्व पर बयानबाजी और बगावत के बाद जेडीयू ने अनंत सिंह को किया बाहर
- Post By Admin on Oct 24 2026
पटना : बिहार की सियासत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जनता दल (यूनाइटेड) ने मोकामा से विधायक अनंत कुमार सिंह और पूर्व विधायक नीलम देवी पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
जेडीयू प्रदेश कार्यालय द्वारा प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, अनंत सिंह पर पिछले कुछ समय से पार्टी निर्देशों की लगातार अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने तथा हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद् चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी के खिलाफ जाकर दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इन गतिविधियों को अनुशासनहीनता मानते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है। इसके साथ ही जेडीयू ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता भी अविलंब रद्द करने की अनुशंसा की है।
इसी आदेश में पूर्व विधायक नीलम देवी पर भी दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में कार्रवाई की गई है। पार्टी ने उनकी भी प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए उन्हें अगले छह वर्षों के लिए निष्कासित करने का फैसला सुनाया है। जेडीयू के इस कड़े कदम से मोकामा सहित राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।