गरीबों की आवाज बनेगी गरीब चौपाल यात्रा, मुजफ्फरपुर में हम पार्टी ने कसी कमर
- Post By Admin on Oct 24 2026
मुजफ्फरपुर: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की ओर से आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘गरीब चौपाल यात्रा’ की तैयारियों को लेकर शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को माड़ीपुर स्थित एस.के. बैंक्वेट हॉल में बैठक आयोजित की गई। पार्टी के मुजफ्फरपुर जिलाध्यक्ष संजर आलम के नेतृत्व में हुई इस बैठक में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी शकील हाशमी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में यात्रा की रूपरेखा, संगठन की मजबूती और कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गरीब चौपाल यात्रा को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। साथ ही, आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर कार्यक्रम की तैयारियों को गति देने पर सहमति बनी।
संजर आलम ने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गरीबों, वंचितों, जरूरतमंदों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की समस्याओं को सुनने तथा उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर जिले में संगठन को मजबूत करना और यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की। वहीं, कार्यक्रम प्रभारी शकील हाशमी ने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा की सफलता के लिए संगठन की एकजुटता, आपसी तालमेल और गांव-गांव तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने तथा लोगों को इस पहल से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर तैयारी और सामूहिक प्रयास से ही कार्यक्रम को प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक का संचालन पार्टी के जिला प्रधान महासचिव अमित कुमार ने किया। इस दौरान महेश पासवान, मनीष कुमार, रामसूरत, संकेत मिश्रा, मोहम्मद आफताब आलम, सरोज पांडे, राजनाथ कुमार, बलिराम मांझी, बसंत मांझी, रंजन कुमार और दीपक यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 22 नवंबर को प्रस्तावित गरीब चौपाल यात्रा को सफल बनाने, संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की जनकल्याणकारी पहल को आम जनता तक पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।