करिश्मा कपूर के पूर्व पति का निधन, गले में मधुमक्खी फंसने से आया दिल का दौरा

  • Post By Admin on Jun 13 2025
करिश्मा कपूर के पूर्व पति का निधन, गले में मधुमक्खी फंसने से आया दिल का दौरा

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर का 53 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह हादसा इंग्लैंड में उस समय हुआ जब वह पोलो खेल रहे थे। शुरू में जहां मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई थी, वहीं अब रिपोर्ट्स में चौंकाने वाला दावा सामने आया है — संजय कपूर ने खेल के दौरान गलती से एक मधुमक्खी निगल ली थी, जो उनके गले में फंस गई और घबराहट के कारण उन्हें जानलेवा दिल का दौरा पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजय पोलो खेलने के दौरान घोड़े पर सवार थे जब यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी। गले में मधुमक्खी फंसने के बाद वे बेहद घबरा गए और तभी उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया था दुख – आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट
बताया जा रहा है कि निधन से कुछ घंटे पहले ही संजय कपूर ने सोशल मीडिया पर अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे को लेकर शोक व्यक्त किया था। अब वही पोस्ट उनकी आखिरी सार्वजनिक प्रतिक्रिया बन गई है।

करिश्मा कपूर से तलाक, दो बच्चों के पिता थे संजय
संजय कपूर ने अभिनेत्री करिश्मा कपूर से साल 2003 में शादी की थी। इस दंपत्ति को दो बच्चे हुए — बेटी समायरा और बेटा कियान। हालांकि, शादी के कुछ सालों बाद दोनों के रिश्तों में दरार आ गई। 2014 में करिश्मा ने तलाक की अर्जी दाखिल की और 2016 में उनका तलाक हो गया। करिश्मा ने तलाक के दौरान संजय पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे।

हालांकि, तलाक के बाद भी संजय अपने बच्चों से मिलने-जुलने का सिलसिला बनाए रखते थे और अपने पारिवारिक संबंधों को लेकर बेहद सजग माने जाते थे।

उद्योग और खेल से जुड़े रहे संजय कपूर
संजय कपूर न केवल एक सफल बिजनेसमैन थे, बल्कि घुड़सवारी और पोलो जैसे खेलों में गहरी रुचि रखते थे। खेलों के प्रति उनका जुनून ही था कि वे विदेश में पोलो प्रतियोगिताओं में नियमित भाग लेते रहे।

मौत ने छीन लिया एक जिम्मेदार पिता और ऊर्जावान खिलाड़ी
उनकी अचानक हुई इस असामयिक मौत ने न सिर्फ कपूर परिवार बल्कि व्यापार और खेल जगत को भी गहरा झटका दिया है। संजय की मौत की खबर से बॉलीवुड समेत कई प्रमुख हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।