मरीजों से सीधे संवाद कर रहे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- Post By Admin on May 15 2026
पटना : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार राज्य के सरकारी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाने को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से वे स्वयं मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पतालों की सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न जिला अस्पतालों की ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग की। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधा संवाद भी किया। मॉनिटरिंग के दौरान कई मरीजों और उनके परिजनों ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में हुए सुधार की सराहना की और बेहतर व्यवस्था के लिए राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने वैशाली जिला अस्पताल के चिकित्सकों से मरीजों की जांच, इलाज एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने अररिया जिला अस्पताल के इनबॉर्न एवं आउटबॉर्न एसएनसीयू (विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई) का लाइव फीड देखा और वहां नवजात शिशुओं को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से नियमित अंतराल पर फीडबैक लिया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक एवं बेहतर बनाया जा सके। मंत्री ने कहा कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।