परिवार नियोजन पखवाड़ा : जिले में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर दी जा रही जानकारी
- Post By Admin on Sep 02 2024
.jpg)
लखीसराय : जिले में मिशन परिवार विकास अभियान के तहत 2 सितंबर से परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा की सफलता के लिए सघन दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा की शुरुआत हो चुकी है। इस अभियान के तहत आशा और कम्युनिटी मोबिलाइजर (जीविका) द्वारा घर-घर जाकर लोगों को परिवार नियोजन के महत्व और इससे होने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
इस पखवाड़े के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि शादी 21 वर्ष के बाद ही होनी चाहिए ताकि महिला का शारीरिक और शैक्षिक विकास सही से हो सके। परिवार नियोजन की सुविधा अपनाने से बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलती है और छोटा परिवार ही खुशहाल परिवार की बुनियाद है। इससे मां और बच्चे दोनों शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। इस दौरान योग्य दंपत्तियों और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी विभिन्न जानकारियां देकर परिवार नियोजन की सुविधा अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. बीपी सिन्हा ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान के तहत जिले में 2 से 14 सितंबर तक दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा चलाया जाएगा, जिसमें आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सीएनए फॉर्मेट के माध्यम से योग्य लाभार्थियों की सूची तैयार करेंगी। इसके बाद 17 से 30 सितंबर तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का आयोजन होगा। इस दौरान योग्य और इच्छुक लाभार्थियों को स्थाई और अस्थाई परिवार नियोजन सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
डीसीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा के दौरान उन महिलाओं को वैकल्पिक उपायों के बारे में जानकारी दी जा रही है जो परिवार नियोजन ऑपरेशन के लिए सक्षम नहीं हैं। ऐसे में वे अस्थाई उपाय जैसे कंडोम, कॉपर-टी (375, 380ए), छाया, माला छ, अंतरा आदि को अपना सकती हैं। उन्होंने बताया कि ये वैकल्पिक उपाय भी पूरी तरह सुरक्षित हैं। पखवाड़ा के दौरान योग्य और इच्छुक लाभार्थियों की सूची भी तैयार की जा रही है।
परिवार नियोजन के वैकल्पिक उपाय:
• कंडोम - पुरुषों के लिए गर्भ निरोधक साधन।
• माला छ - प्रतिदिन प्रयोग में ली जाने वाली गोली।
• छाया - सप्ताह में 2 दिन तक प्रथम तीन माह तक और 3 माह के उपरांत सप्ताह में 1 दिन ली जाने वाली गर्भनिरोधक दवा।
• अंतरा - एक इंजेक्शन जो 4 माह तक गर्भ धारण से बचाव करता है।
• कॉपर टी 375 - 5 वर्ष तक गर्भ धारण से सुरक्षा।
• कॉपर टी 380 ए - 10 वर्ष तक गर्भ धारण से सुरक्षा।
सभी इच्छुक लाभार्थी संबंधित सुविधा के लिए अपने क्षेत्र की आशा से संपर्क कर सकते हैं या संबंधित स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर ये सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।