लखीसराय : लखीसराय सदर अस्पताल की सफाई व्यवस्था में अब नया अध्याय शुरू हो गया है। बुधवार से 'जीविका समूह' की महिलाओं ने आधिकारिक रूप से अस्पताल की साफ-सफाई का जिम्मा संभाल लिया, और पहले ही दिन उनके कार्य ने मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों का दिल जीत लिया।
अब अस्पताल में तीन शिफ्टों में 120 जीविका दीदियों की टीम स्वच्छता कार्यों को अंजाम दे रही है। बुधवार सुबह की पहली शिफ्ट में यूनिफॉर्मधारी 40 कर्मियों को जिम्मेदारी निभाते देख लोगों में विश्वास और संतोष की भावना देखने को मिली। कई वार्ड इंचार्जों ने दीदियों के कार्य की सराहना करते हुए इसे नियमित बनाए रखने की आवश्यकता जताई।
गौरतलब है कि इससे पूर्व अस्पताल की सफाई एक निजी एजेंसी को दी गई थी, जो अपने लचर प्रबंधन और अनियमित सेवाओं के कारण लंबे समय से आलोचना का विषय बनी हुई थी। हर महीने 14 से 15 लाख रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी।
राज्य सरकार ने नवंबर 2023 में यह निर्णय लिया था कि अस्पतालों की सफाई का जिम्मा जीविका समूहों को दिया जाएगा। इसके तहत 21 अक्टूबर 2024 को निर्देश जारी कर 15 नवंबर से इसे लागू करने का आदेश था, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते इसे लागू होने में करीब आठ महीने की देरी हो गई।
अब जबकि जिम्मेदारी जीविका समूह को दे दी गई है, इसका लाभ दोहरे स्तर पर देखने को मिल रहा है—एक ओर अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण सफाई सेवा सुनिश्चित हो रही है, वहीं दूसरी ओर 120 महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्थायी रोजगार भी मिला है।
डीपीएम पिंटू चौधरी ने बताया कि, “दीदी की रसोई और पूछताछ केंद्र की तरह अब सफाई व्यवस्था भी जीविका दीदियों के माध्यम से पूरी तरह प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संचालित की जाएगी।”
वहीं डीपीएम सुधांशु नारायण लाल ने जानकारी दी कि राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश के अनुसार स्थानीय अस्पताल प्रबंधन को जीविका समूहों के साथ समन्वय कर कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनभागीदारी और महिला सशक्तिकरण की इस पहल को जिले में लोकतांत्रिक स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।




















