बीआरएबीयू के इतिहास विभाग को मिलेगा नया अकादमिक नेतृत्व, डॉ. सुमन बने अध्यक्ष
- Post By Admin on Oct 30 2026
मुजफ्फरपुर : बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग में डॉ. संजय कुमार सुमन ने नए विभागाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह ने उन्हें विधिवत रूप से कार्यभार सौंपा। उनके पदभार संभालने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. सुमन ने कुलपति डॉ. दिनेश चंद्र राय सहित विश्वविद्यालय के संबंधित पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की अपनी समृद्ध शैक्षणिक परंपरा रही है। विभाग के शिक्षक अनुभवी और अकादमिक गतिविधियों के प्रति समर्पित हैं। सभी के सहयोग से इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विभाग की शैक्षणिक पहचान को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
नवनियुक्त विभागाध्यक्ष ने विभाग की भावी कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि इतिहास विभाग को उत्कृष्ट शोध केंद्र के रूप में विकसित करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। इसके लिए शोध की गुणवत्ता बेहतर बनाने, नए शोध विषयों और पद्धतियों को प्रोत्साहित करने तथा अकादमिक गतिविधियों का विस्तार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों और शोधार्थियों को इतिहास लेखन की नई प्रवृत्तियों, आधुनिक शोध-पद्धतियों और समकालीन विमर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार, संगोष्ठी और शैक्षणिक परिचर्चाएं आयोजित करने की योजना है। इन आयोजनों के माध्यम से देश-विदेश के इतिहासकारों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाकर विचारों का आदान-प्रदान कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नए विषयों तथा शोध के अलग-अलग दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिलेगा।
डॉ. सुमन ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान का विकास सामूहिक सहभागिता, संवाद और साझा प्रयासों से संभव होता है। इसलिए विभाग के सभी शिक्षकों के सहयोग और मार्गदर्शन से योजनाबद्ध तरीके से शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। शिक्षण, शोध और नवाचार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी उनकी कार्ययोजना का हिस्सा होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से विभाग को नई पहचान मिलेगी। उनका उद्देश्य विभाग में गंभीर ऐतिहासिक अध्ययन, ज्ञान-सृजन और गुणवत्तापूर्ण शोध की संस्कृति को मजबूत करना है।
डॉ. संजय कुमार सुमन के विभागाध्यक्ष बनने पर विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. विपिन कुमार राय, निवर्तमान विभागाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अनीता सिंह, डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता, डॉ. आलोक प्रताप सिंह, डॉ. अमर बहादुर शुक्ला, डॉ. शिवेश कुमार, डॉ. रेनू कुमारी, डॉ. पंकज कुमार राय, डॉ. कहकशां, डॉ. सत्य प्रकाश राय, डॉ. अंशु त्यागी, डॉ. अर्चना पांडे, डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. एम.एन. रजवी, डॉ. कौशल किशोर चौधरी, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. ललित किशोर, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. विपिन कुमार और डॉ. ललन कुमार शर्मा सहित कई शिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं। विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों ने भी उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी।