युवा उत्सव में एलएस कॉलेज के विद्यार्थियों का जलवा, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान
- Post By Admin on Oct 29 2026
मुजफ्फरपुर : जिला प्रशासन और बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में लंगट सिंह कॉलेज की नुक्कड़ नाटक टीम ‘एकम’ ने प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से कॉलेज का गौरव बढ़ा है। प्रतियोगिता में टीम के सदस्यों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए सामाजिक संदेश देने वाली कला में प्रतिभा का परिचय दिया।
टीम की इस सफलता पर कॉलेज की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि टीम ‘एकम’ ने प्रथम स्थान हासिल करने के साथ सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की अपनी क्षमता भी दिखाई है। विद्यार्थियों ने लगन, अनुशासन और टीम भावना के साथ अभ्यास किया, जिसका परिणाम इस उपलब्धि के रूप में सामने आया। उन्होंने कहा कि यह सफलता कॉलेज की सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उनकी बहुआयामी प्रतिभा को दर्शाती है।
कॉलेज की सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. दीपिका कुमारी ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक युवाओं के लिए समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए युवा अपनी रचनात्मकता का इस्तेमाल करते हुए जनजागरूकता बढ़ाने में योगदान दे सकते हैं।
विजेता टीम में स्मृति चौधरी, संजना कुमारी, मिदहत रहमान, पलक रंजन, नाहेदा परवीन, रजनीष कुमार, मोहम्मद अरशक़, रोहित कुमार, दिव्यांशु कुमार और अमन गुप्ता शामिल रहे। इसके अलावा कविता लेखन प्रतियोगिता में ऋषिकेश कुमार ने कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया। इस उपलब्धि पर प्रो. टीके डे, प्रो. एसआर चतुर्वेदी, प्रो. पुष्पा कुमारी, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. शशिकांत पाण्डेय और डॉ. राजेश अनुपम सहित अन्य शिक्षकों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी।