एलएन मिश्रा कॉलेज में 31 अक्टूबर को होगा ‘युवा संवाद’, लोकतांत्रिक नेतृत्व पर युवाओं से होगी चर्चा
- Post By Admin on Oct 30 2026
मुजफ्फरपुर: युवाओं को केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान के जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से मुजफ्फरपुर में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को एलएन मिश्रा कॉलेज, मुजफ्फरपुर में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस संवाद कार्यक्रम में लोकतांत्रिक जागरूकता, सार्वजनिक नेतृत्व, नागरिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
यह आयोजन देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक संचालित राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ अभियान का हिस्सा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना, उन्हें अपने विचार व्यक्त करने का मंच उपलब्ध कराना तथा देश के विकास से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रिय और सूचित भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में युवा आइकन आदित्य कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनकी मौजूदगी में विद्यार्थियों और युवाओं को सार्वजनिक नेतृत्व, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान से जुड़े विषयों पर विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों और युवा आइकन के बीच होने वाला संवादात्मक सत्र होगा। इसमें युवा प्रतिभागी विभिन्न विषयों पर सवाल पूछ सकेंगे, अपनी राय और सुझाव रख सकेंगे तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका पर खुलकर चर्चा कर सकेंगे। इस सत्र के माध्यम से युवाओं को अपनी जिज्ञासाओं और विचारों को सीधे साझा करने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा कार्यक्रम में लोकतांत्रिक शपथ भी दिलाई जाएगी। इसके माध्यम से प्रतिभागी लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदार नागरिकता और जागरूक सहभागिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे। आयोजकों के अनुसार, युवा संवाद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और सार्वजनिक नेतृत्व की प्रक्रिया से जोड़ना तथा उन्हें देश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रेरित करना है। यह पहल विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।