हिसार के राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में बिहार विश्वविद्यालय के छह स्वयंसेवक करेंगे प्रतिनिधित्व
- Post By Admin on Oct 22 2026
मुजफ्फरपुर : राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जाम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के छह स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। 22 से 28 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिविर में विश्वविद्यालय के तीन स्वयंसेवक और तीन स्वयंसेविकाएं शामिल हैं। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा अपनी संस्कृति, परंपराओं और विचारों को साझा करने के साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देंगे।
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक ने बताया कि शिविर के लिए चयनित छह प्रतिभागी विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों से हैं। इनमें एलएस कॉलेज, मुजफ्फरपुर की प्रकृति कश्यप, एमडीडीएम कॉलेज, मुजफ्फरपुर की सिद्धिका गुप्ता और केसीटीसी कॉलेज, रक्सौल की सिमरन खातून शामिल हैं। वहीं, स्वयंसेवकों में एलएनटी कॉलेज, मुजफ्फरपुर के ऐश्वर्य आनंद, नीतीश्वर कॉलेज, मुजफ्फरपुर के प्रभात रंजन और एलएनडी कॉलेज, मोतिहारी के अभिषेक कुमार का चयन हुआ है। इन प्रतिभागियों का चयन ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से किया गया था। 19 सितंबर 2026 को तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, भागलपुर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने साक्षात्कार लिया था। चयन प्रक्रिया के बाद छहों स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय स्तर के शिविर में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर भारत की विविधता और एकता को समझने तथा अनुभव करने का अवसर है। देश के अलग-अलग राज्यों, भाषाओं और संस्कृतियों से आने वाले युवा यहां राष्ट्रसेवा के साझा उद्देश्य से एकत्रित होते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों की भागीदारी गौरव का विषय है। ये युवा न केवल विश्वविद्यालय, बल्कि बिहार की युवा शक्ति का भी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. विपिन राय, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. आलोक प्रताप सिंह, कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा, उपकुलसचिव डॉ. अमर बहादुर शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने चयनित स्वयंसेवकों और राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक को बधाई देते हुए शिविर में सफल सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं। हिसार में आयोजित इस राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में बिहार और झारखंड की संयुक्त टीम भी भाग ले रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, टीम में झारखंड के आठ स्वयंसेवक, बिहार के छह स्वयंसेवक और झारखंड की दलनायक शामिल हैं। इस तरह कुल 15 सदस्य दोनों राज्यों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। शिविर के माध्यम से युवाओं को विभिन्न संस्कृतियों को करीब से जानने, आपसी सहयोग बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।