लखीसराय में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला, आंकड़ों की शुद्धता ही प्राथमिकता

  • Post By Admin on Oct 30 2026
लखीसराय में जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला, आंकड़ों की शुद्धता ही प्राथमिकता

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या परिगणना को लेकर जिला स्तरीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस विशेष प्रशिक्षण में जिला चार्ज स्तर के पदाधिकारियों के साथ-साथ जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न शासकीय सेवकों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान जनगणना के सफल, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के सभी तकनीकी व व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। मास्टर ट्रेनरों और विशेषज्ञों द्वारा जनसंख्या परिगणना की मानक कार्यप्रणाली, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के दायित्वों, निर्धारित प्रपत्रों में त्रुटिरहित प्रविष्टि तथा डिजिटल माध्यमों से डेटा संधारण की प्रक्रिया को बारीकी से समझाया गया।

उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक अत्यंत संवेदनशील और प्राथमिक राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की सभी विकासात्मक नीतियों और जन-कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तय होती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को पूरी पारदर्शिता व गंभीरता से काम करने की हिदायत देते हुए निर्देश दिया कि क्षेत्र में कोई भी पात्र व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि संकलित किए जाने वाले आंकड़ों की सटीकता और शुद्धता सर्वोपरि है, और इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस प्रशिक्षण में प्राप्त तकनीकी ज्ञान को फील्ड स्तर पर तैनात जमीनी कर्मियों तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाएं, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपूर्ण प्रक्रिया सुगमता से संपन्न हो सके।

इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जनगणना कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक कर्मी उपस्थित रहे।