शराब के खिलाफ लखीसराय पुलिस का एक्शन, महिला कारोबारी समेत चार धराए
- Post By Admin on Oct 30 2026
लखीसराय : बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से मद्यनिषेध थाना, लखीसराय की पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब बेचने और सेवन करने के मामले में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों और शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने हलसी थाना क्षेत्र के मोहद्दीननगर में दबिश दी, जहां से शराब निर्माण और बिक्री के आरोप में स्वर्गीय राजेन्द्र चौधरी की पत्नी रिंकू देवी को रंगेहाथ पकड़ा गया। तलाशी के क्रम में मौके से एक लीटर चुलाई शराब तथा शराब बनाने के लिए तैयार रखा गया 72 किलोग्राम जावा महुआ घोल बरामद कर जब्त किया गया।
इसी क्रम में मद्यनिषेध पुलिस ने लखीसराय थाना क्षेत्र के अंतर्गत थाना चौक पर सघन जांच अभियान चलाते हुए शराब के नशे में तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान पिपरिया थाना क्षेत्र के पिपरीया डिह, वार्ड नंबर 03 निवासी ललन राय के पुत्र जितेन्द्र कुमार, केदार राय के पुत्र सुरज कुमार और रामबालक राय के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मद्यनिषेध उत्पाद अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।