श्री राघव प्रसाद सिंह महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. अमिता शर्मा के सफल एक वर्ष पर अभिनंदन समारोह

  • Post By Admin on Aug 14 2026
श्री राघव प्रसाद सिंह महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. अमिता शर्मा के सफल एक वर्ष पर अभिनंदन समारोह

मुजफ्फरपुर : श्री राघव प्रसाद सिंह महाविद्यालय, जैतपुर में प्राचार्या प्रो. अमिता शर्मा के कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को शिक्षक प्रकोष्ठ में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय परिवार की ओर से किया गया, जिसमें शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

समारोह का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद आजाद ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रो. अमिता शर्मा के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। वक्ताओं ने कहा कि प्राचार्या के कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन और सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण महाविद्यालय शैक्षणिक, सहशैक्षणिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उनके नेतृत्व में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, अनुशासन को सुदृढ़ करने तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं।

कार्यक्रम में डॉ. अर्चना प्रियदर्शिनी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. दीपक कुमार, एनसीसी सीटीओ डॉ. रूपम कुमारी, डॉ. महेन्द्र प्रसाद महतो, डॉ. अहमद हुसैन, डॉ. चंचला, डॉ. मृत्युंजय, डॉ. जागृति, डॉ. जाकिर, डॉ. असित कुमार सिन्हा, डॉ. निशा, श्री योगेन्द्र सिंह, लेखापाल श्री रंजीत कुमार शर्मा, श्री गौरव प्रसन्ना, श्री राकेश, श्री गोपाल, श्री राहुल, श्री रमाकांत भगत, श्री देवनारायण, श्री नवल और श्री वज़ीर सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में प्राचार्या प्रो. अमिता शर्मा ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय की उपलब्धियाँ सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी महाविद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह का वातावरण आत्मीय, उत्साहपूर्ण और गरिमामय रहा। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्या प्रो. अमिता शर्मा को उनके सफल एक वर्ष के कार्यकाल के लिए पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।