रिजल्ट में देरी से अधर में अटका छात्रों का भविष्य, अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन को घेरा
- Post By Admin on Feb 06 2026
लखीसराय : मुंगेर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्था लगातार गंभीर रूप लेती जा रही है। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूजी सेमेस्टर-2 एवं यूजी सेमेस्टर-4 की परीक्षाएँ संपन्न हुए लगभग छह माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परिणाम जारी नहीं किए जाने से हजारों छात्र परेशान हैं। लंबे समय से परिणाम लंबित रहने के कारण छात्रों को मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्तर पर गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
परिणाम जारी नहीं होने से छात्रों का अगले सेमेस्टर में नामांकन, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और भविष्य की शैक्षणिक योजनाएँ बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की यह लापरवाही उनके भविष्य के प्रति असंवेदनशील रवैये को दर्शाती है।
इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के लखीसराय जिला संयोजक मनीष यदुवंशी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि यूजी सेमेस्टर-2 एवं 4 का परिणाम अविलंब प्रकाशित किया जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की देरी न हो, इसके लिए समयबद्ध और पारदर्शी परीक्षा-परिणाम प्रणाली लागू की जाए।
यदुवंशी ने अतिथि शिक्षकों के तबादले पर भी निराशा जताते हुए कहा कि इनके आने से इतिहास, राजनीति विज्ञान और रसायन विज्ञान जैसे विषयों की कक्षाएँ नियमित रूप से संचालित हो रही थीं, लेकिन अब उनके स्थानांतरण से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी। उन्होंने मांग की कि खासकर इतिहास और राजनीति विज्ञान के अतिथि शिक्षकों को पुनः के.एस.एस. महाविद्यालय, लखीसराय में पदस्थापित किया जाए।
अभाविप जिला संयोजक ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही परिणाम जारी नहीं किया गया, तो संगठन छात्रों के हित में संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर अभाविप के नगर मंत्री बिट्टू आर्या, कॉलेज मंत्री प्रेम कुमार, खेल मंत्री अंकित, सह-मंत्री सौरभ कुमार, अंशिका, दीपा कुमारी, शालिनी और ज्योति कुमारी सहित कई छात्र मौजूद रहे।