बीआरए बिहार विवि में शोध उपलब्धियों का होगा सम्मान, कुलपति पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू
- Post By Admin on Aug 20 2026
मुजफ्फरपुर : बी.आर. अम्बेडकर बिहार विश्वविद्यालय में शोध एवं अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए कुलपति पुरस्कार की शुरुआत की गई है। कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय के निर्देश पर आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के शोध सलाहकार समिति (आरएसी) ने पात्र शिक्षकों से इस पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पुरस्कार शिक्षक दिवस के अवसर पर कुलपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच उल्लेखनीय शोध उपलब्धि हासिल करने वाले पात्र शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विभिन्न शोध उपलब्धियों को पात्रता का आधार बनाया गया है। ये उपलब्धियां होंगी पात्रता का आधार :
क्यू-1/क्यू-2 शोध पत्रिकाओं में प्रकाशन
SCOPUS/SCImago में अनुक्रमित क्यू-1 या क्यू-2 श्रेणी की शोध पत्रिकाओं में शोध-पत्र अथवा शोध आलेख का प्रकाशन।
प्रतिष्ठित भारतीय भाषा की शोध पत्रिकाओं में प्रकाशन
निर्धारित प्रतिष्ठित भारतीय भाषा की शोध पत्रिकाओं के मुद्रित संस्करण में शोध-पत्र प्रकाशित होना। इनमें संस्कृतविमर्श, हरिप्रभा, पाणिनीय, अजस्रा, अन्नमयिकी, गवेषणा, हिंदी अनुशीलन, आलोचना, समकालीन भारतीय साहित्य, हंस, मिथिला भारती, आजकल, उर्दू दुनिया, ऐवान-ए-उर्दू, दस्तक, क़न्द-ए-फ़ारसी तथा फ़िक्र-ओ-नज़र आदि पत्रिकाएं शामिल हैं।
शोध परियोजना प्राप्त करना
प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय वित्तपोषण एजेंसियों से 5 लाख रुपए या उससे अधिक मूल्य की शोध परियोजना प्राप्त करने वाले शिक्षक भी पुरस्कार के लिए पात्र होंगे।
पेटेंट प्रदान किया जाना
सक्षम वैधानिक प्राधिकारी से पेटेंट प्राप्त करने वाले शिक्षक भी पात्रता के दायरे में होंगे।
विश्वविद्यालय का कहना है कि शोध की गुणवत्ता और उत्कृष्ट शोध कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल शोधकर्ताओं के बीच उत्कृष्टता की प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देगी। साथ ही इससे विश्वविद्यालय में शोध की संस्कृति को मजबूत करने और अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।