अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटता रहा चालक
- Post By Admin on Apr 29 2025
.jpg)
पटना : राजधानी पटना में रफ्तार की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के एग्जीबिशन रोड फ्लाईओवर पर बीते 26 अप्रैल की रात एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी और फिर उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान चांदमारी रोड कबाड़ी गली निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। घटना के समय वह अपने परिवार के एक सदस्य के साथ स्कूटी पर सवार होकर लौट रहे थे। अचानक एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सामने से स्कूटी में टक्कर मारी, जिससे अशोक वाहन में फंस गए और चालक उन्हें घसीटते हुए ले गया।
अशोक को पैर व शरीर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित की ओर से गांधी मैदान थाना में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
घटना के बाद से पुलिस सक्रिय हो गई है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सकेगा। फिलहाल, हादसे को लेकर इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।