ऑपरेशन त्राशी-1 में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी किए ढेर
- Post By Admin on Feb 22 2026
जम्मू : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक शीर्ष कमांडर समेत दो आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
नागरोटा स्थित व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि विश्वसनीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ के तहत किश्तवाड़ क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया। यह अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से सक्रिय आतंकियों की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था।
सेना के अनुसार, सीआईएफ डेल्टा की टीम ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर रविवार सुबह करीब 11 बजे दुर्गम क्षेत्र में आतंकवादियों से दोबारा मुठभेड़ की। इस दौरान दो आतंकियों को मार गिराया गया। घटनास्थल से दो एके-47 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि मारे गए आतंकियों में जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल है। हालांकि, मारे गए आतंकवादी का शव बरामद करने की प्रक्रिया जारी है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जाता है कि इस महीने किश्तवाड़ क्षेत्र में यह दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले 4 फरवरी को भी घने जंगलों में गोलीबारी की घटना सामने आई थी। किश्तवाड़ के चतरू इलाके में पिछले एक वर्ष में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच एक दर्जन से अधिक मुठभेड़ें हो चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे क्षेत्र में विदेशी आतंकियों का एक समूह सक्रिय है, जो किश्तवाड़, डोडा और उधमपुर जिलों के बीच लगातार ठिकाने बदलता रहता है। सुरक्षा बल इस समूह की लगातार घेराबंदी कर रहे हैं, जिसके चलते आतंकी एक स्थान से दूसरे स्थान पर भागने को मजबूर हैं।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में जम्मू मंडल के पहाड़ी जिलों में सक्रिय पाकिस्तानी आतंकवादियों को निष्क्रिय करने के निर्देश दिए हैं। 7 फरवरी को जम्मू दौरे के दौरान उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में पूर्ण शांति स्थापित करने के लिए मिशन मोड में कार्रवाई करने का आह्वान किया था।