लखीसराय में बिना लाइसेंस नहीं बिकेंगे पटाखे, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

  • Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय में बिना लाइसेंस नहीं बिकेंगे पटाखे, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

लखीसराय : आगामी दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री, भंडारण और सुरक्षा मानकों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिलाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में पटाखा विक्रेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि लाइसेंस के लिए प्राप्त आवेदनों का संबंधित स्थलों पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और शर्तों को पूरा करने वाले योग्य आवेदकों को चेकलिस्ट के आधार पर लाइसेंस जारी किया जाएगा। इसके अलावा पटाखा दुकानों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा।

प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा को लेकर भी सख्त हिदायत दी है। जिलाधिकारी ने 125 डेसीबल से अधिक तीव्रता वाले पटाखों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाते हुए आमजन से हरित पटाखों (ग्रीन पटाखों) का उपयोग करने की अपील की। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पटाखा बिक्री एवं भंडारण स्थलों पर अग्निशामक यंत्र, पर्याप्त पानी और बालू भरी बाल्टियों की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।

अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार ने स्पष्ट किया कि दुकानदार केवल हरित पटाखों का ही क्रय-विक्रय करें, नियमों की अनदेखी करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखे रखने और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार ने बिना वैध लाइसेंस के चलने वाली दुकानों पर सख्त कार्रवाई करने तथा लाइसेंस प्रक्रिया को समय-सीमा के भीतर निपटाने का आदेश दिया। अंचलाधिकारी और थानाध्यक्षों के समन्वय से सुरक्षित स्थानों का चयन कर लॉटरी के जरिए आवंटन किया जाएगा। बैठक में भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार और नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।