लखीसराय में विशेष एवं राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रचार रथ रवाना, प्रधान जिला जज ने दिखाई हरी झंडी

  • Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय में विशेष एवं राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रचार रथ रवाना, प्रधान जिला जज ने दिखाई हरी झंडी

लखीसराय : जिला व्यवहार न्यायालय परिसर से आगामी विशेष लोक अदालत और राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता प्रचार वाहन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) श्री सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम ने न्यायिक पदाधिकारियों की मौजूदगी में इस प्रचार रथ को रवाना किया। यह प्रचार वाहन पूरे लखीसराय जिले में घूम-घूम कर आम जनता और पक्षकारों को लोक अदालत के महत्व और लाभों के प्रति जागरूक करेगा।

इस अवसर पर प्रधान जिला जज ने कहा कि लोक अदालत वादों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निष्पादन का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने पक्षकारों और सभी हितधारकों से अपील की कि वे अपने सुलहनीय मामलों के निपटारे के लिए आगे आएं। आगामी 21 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्य रूप से एनआई एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस) से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी। वहीं 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा, जिसमें सुलहनीय आपराधिक मामले, दीवानी विवाद, बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद एवं अन्य मामलों को आपसी सहमति से निपटाने के लिए रखा जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री विधानंद सागर ने बताया कि प्रचार वाहन के माध्यम से जिले के सुदूर क्षेत्रों तक संदेश पहुंचाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार इसमें शिरकत कर अपने वर्षों पुराने लंबित विवादों का निस्तारण करा सकें।

इस मौके पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री पवन कुमार झा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम श्रीमती रजनी कुमारी, तृतीय श्री शुभ नंदन झा, षष्ठम श्रीमती श्वेता वर्मा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री सिद्धार्थ पांडे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री आशीष कुमार अग्निहोत्री, एसीजेएम प्रथम श्री रंजीत कुमार सोनू, एसडीजेएम श्रीमती शिप्रा कुमारी, जिला विधिक संघ के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार, सचिव श्री राजेश कुमार सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, डालसा कर्मी और पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) उपस्थित रहे।