आरएसएस महिला कॉलेज में मनाया गया विश्व हिंदी दिवस

  • Post By Admin on Jan 11 2025
आरएसएस महिला कॉलेज में मनाया गया विश्व हिंदी दिवस

सीतामढ़ी : जिले के राम सेवक सिंह महिला कॉलेज में विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर परिचर्चा और कविता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्व हिंदी परिषद, नई दिल्ली, युगानुगूंज: साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था, गुरुग्राम और कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। कार्यक्रम का विषय “आज हिंदी की स्थिति और हमारी मानसिकता”, था। जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक और छात्राएं उपस्थित रही।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. पंकजवासिनी द्वारा गणेश वंदना और सरस्वती स्तुति से हुई। इसके बाद महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्रोफेसर रेणु ठाकुर ने की और संचालन का कार्य हिंदी विभाग की अध्यक्षा डॉ. पंकजवासिनी ने किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों ने हिंदी भाषा के महत्व और उसकी वर्तमान स्थिति पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रोफेसर रेणु ठाकुर ने कहा, “हिंदी सबको जोड़ती है।”, डॉ. पंकजवासिनी ने हिंदी को हिंदुस्तान की आत्मा बताते हुए कहा, “संपूर्ण राष्ट्र को आज भी नेहिल भावनाओं के बंधन में हिंदी भाषा ने ही जोड़ रखा है।”, डॉ. अर्पणा कुमारी ने हिंदी को लचीला और समायोजित करने वाली भाषा बताया।

डॉ. अमजद अली ने हिंदी को प्रेम का पाठ पढ़ाने वाली भाषा बताया, डॉ. रविंद्र कुमार ने हिंदी भाषा के प्रति हमारी मानसिकता को सकारात्मक बनाने की आवश्यकता जताई और डॉ. प्रभात कुमार ने कहा, “विश्व में हिंदी की स्थिति तभी सुदृढ़ होगी जब विविध विषयों पर हिंदी में गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें लिखी जाएं।" कार्यक्रम के दौरान कई शिक्षकों ने अपनी पसंदीदा कविताओं का पाठ भी किया। इसमें हिंदी विभाग के सभी शिक्षकगण ने अपने-अपने विचार और हिंदी के प्रति प्रेम को व्यक्त किया।