साँसे हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएँ हम : ट्रीमैन रवि
- Post By Admin on Jul 29 2024

नवादा: सोमवार को पीपल, नीम, तुलसी अभियान के संस्थापक सह अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में बिहार और अन्य प्रदेशों के पर्यावरण मित्रों द्वारा बोधिवृक्ष कॉरिडोर निर्माण सह पद यात्रा (गया से राजगीर) आयोजित की गई। इस यात्रा में हिसुआ, नवादा में नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा कुमारी, उप सभापति टीपू चौधरी, थाना प्रभारी अनिल कुमार, विनोद चंद्रवंशी, और कहरिया पार्षद सकलदेव मांझी के सौजन्य से रात्रि विश्राम हुआ। हिसुआ पहुंचने पर नीम और तुलसी की माला से पद यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।
यात्रा के तीसरे दिन पदयात्रियों ने वृक्षारोपण के साथ अपनी यात्रा की शुरुआत की। कहरिया में पार्षद सकलदेव मांझी, राजकीय बुनियादी विद्यालय बगोदर के प्रधानाध्यापक उपेंद्र पथिक, अभय कुमार, राकेश कुमार, कल्पना कुमारी, कुणाल ज्ञानेन्दू, मन्नू सिंह आदि अध्यापकों ने विद्यार्थियों के साथ यात्रियों का स्वागत किया। यह पदयात्रा थोड़ी देर के लिए संगोष्ठी में परिवर्तित हो गई, जिसमें वक्ताओं ने वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए। 'ट्रीमैन' रवि ने वृक्षारोपण के अपने अनुभव साझा किए और अपने नारे "साँसे हो रही कम-आओ पेड़ लगाएँ हम" को बुलंद किया।
बेलवा में हीरो भट्टा मालिक चुन्नू सिंह, बसती बिगहा में महेश प्रसाद कुशवाहा, गंगा शरण कुशवाहा, सिया शरण कुशवाहा, रामवृक्ष महतो, राधेश्याम आदि ने यात्रियों का स्वागत किया और नीम की माला पहनाकर हरित पर्यावरण का संदेश दिया।
बोधिवृक्ष यात्रा के संयोजक तथा पीपल नीम तुलसी अभियान के संस्थापक सह अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि वृक्षों का सबसे बड़ा योगदान प्रदूषण को दूर करने में है और यह प्राणवायु भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया से प्रारम्भ यह बोधिवृक्ष कॉरिडोर सह पदयात्रा पौधरोपण कर पर्यावरण को संरक्षित कर विश्व को करुणा, सद्भावना, शांति और विश्व बंधुत्व का संदेश दे सकती है।
मुरादाबाद के पर्यावरण सचेतक एवं प्रकृति सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष नैपाल सिंह पाल ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हम सभी का दायित्व है। प्रकृति संरक्षित रहेगी तभी हमारी पीढ़ियाँ भी सुरक्षित रहेंगी। इस पदयात्रा में मोहनलाल वर्मा, मेरठ के ट्रीमैन रवि प्रकाश रवि, सुपौल के अमित मकरंद, वैशाली के डॉ. कुंदन, बेगूसराय के लोक कलाकार सुनील कुमार, मुजफ्फरपुर के दिलीप यादव, वैशाली के सन्नी कुमार, मधुबनी के रोहित कुमार, और नालंदा के कई अन्य शामिल हैं।
उधर, उड़ीसा से एक सौ पीपल वृक्ष लेकर मनोज डागा जी भी इस यात्रा में शामिल हो चुके हैं। पद यात्रियों का जगह-जगह स्वागत हो रहा है, और लोग उनके साथ वृक्षारोपण कर रहे हैं, उन्हें बचाने और बड़ा करने का संकल्प ले रहे हैं। मार्ग में हर 500 मीटर पर बोधिवृक्ष पीपल के पौधे का रोपण किया जा रहा है। आवश्यकता अनुसार कहीं-कहीं सीड बॉल भी डाले जा रहे हैं। दो पीपल के बीच नीम के पौधे भी लगाए जा रहे हैं, और स्थानीय लोगों को उनके संरक्षण की जिम्मेदारी दी जा रही है। आज रात्रि विश्राम नादरीगंज में अरविंद मिश्र, कमलेश यादव, पूर्व प्रमुख अशोक महतो, गौरी सिंह, डॉ. रफीक अंसारी, सुनील कुमार, चंदन जी आदि के सौजन्य से होगा।