कड़ी सुरक्षा के बीच मतदाता कतारबद्ध तरीके से कर रहे मतदान
- Post By Admin on Nov 13 2024
गढ़वा : गढ़वा जिले में आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाता शांतिपूर्वक कतारबद्ध तरीके से मतदान कर रहे हैं। गढ़वा जिले में दो विधानसभा सीटें हैं गढ़वा और भवनाथपुर। गढ़वा विधानसभा सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। झामुमो प्रत्याशी और मंत्री मिथिलेश ठाकुर, भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्रनाथ तिवारी और सपा प्रत्याशी गिरिनाथ सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। मिथिलेश ठाकुर राज्य सरकार के कद्दावर नेता माने जाते हैं। जबकि भाजपा के सत्येंद्रनाथ तिवारी दो बार विधायक रह चुके हैं। सपा के गिरिनाथ सिंह भी पूर्व मंत्री और विधायक रह चुके हैं।
वहीं, भवनाथपुर विधानसभा सीट पर झामुमो प्रत्याशी अन्नत प्रताप देव और भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप शाही के बीच कड़ी टक्कर है। अन्नत प्रताप देव एक बार पूर्व विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भाजपा के भानु प्रताप शाही से मुकाबला कर रहे हैं। इस तरह से गढ़वा और भवनाथपुर दोनों विधानसभा सीटों पर कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है जो इस चुनाव को और भी अहम बना रही है।